लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 11 सीटों पर 21 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव की आज अधिसूचना जारी कर दी गई और इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई। नामांकन 30 सितंबर तक किए जाएंगे और एक अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नाम वापसी की अंतिम तारीख 3 अक्टूबर है। उपचुनाव 21 अक्टूबर को होगा। वोटों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी और इसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। बता दें कि, राज्य की रामपुर, इग्लास , प्रतापगढ़, लखनऊ कैंट, जलालपुर, गंगोह, मानिकपुर, बल्हा, जैदपुर, गोविंदनगर और घोसी सीट पर उपचुनाव हो रहा है। इनमें घोसी सीट से जीत फागू चैहान को बिहार का राज्यपाल बनाए जाने और अन्य सीटों से विधायकों के लोकसभा का चुनाव जीतने के कारण उपचुनाव हो रहा है।
