भेड़-बकरी और सूकर पालन पर मंथन

*लखनऊ*। प्रदेश में भेड़, बकरी और सूकर पालन को रोजगार और आय बढ़ाने के मजबूत साधन के रूप में विकसित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश में पहली बार दो दिवसीय “UP स्मॉल लाइवस्टॉक कॉन्क्लेव-2026” का आयोजन 17 और 18 जून को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर के पशुपालन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, उद्यमी, निवेशक और प्रगतिशील पशुपालक एक मंच पर जुटेंगे और लघु पशुपालन क्षेत्र की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
पशुपालन विभाग और डी.आर.ई.ए.एम.एस. के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कॉन्क्लेव का उद्घाटन प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह तथा राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला करेंगे। कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक, शोध, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, विपणन और निवेश से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
दो दिवसीय आयोजन के दौरान वैज्ञानिक एवं तकनीकी सत्र, पशुपालक-उद्यमी संवाद, स्टार्टअप और नवाचार प्रस्तुतियां, उद्योग एवं संस्थागत प्रदर्शनी, वित्तीय सहायता और निवेश के अवसरों पर चर्चा के साथ-साथ कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सफल पशुपालक अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे नए उद्यमियों और किसानों को व्यावहारिक जानकारी मिल सकेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर प्रदेश में लघु पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ महिलाओं और युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर रहा है। भेड़, बकरी और सूकर पालन से जुड़े उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रही संभावनाओं को देखते हुए यह कॉन्क्लेव प्रदेश के पशुपालकों और निवेशकों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
पशुपालन विभाग ने प्रदेश के पशुपालकों, उद्यमियों, शोधकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और निवेशकों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। कॉन्क्लेव के माध्यम से सरकार का उद्देश्य लघु पशुपालन क्षेत्र को नई तकनीक, बाजार और निवेश से जोड़कर ग्रामीण विकास को गति देना है।
