लखनऊ में हुआ विराट कार्यकर्ता सम्मेलन

*लखनऊ*। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में अखिल भारतीय सर्वजन हित पार्टी की ओर से रविवार को राजधानी के विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में विराट कार्यकर्ता सम्मेलन एवं पदाधिकारी बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम नारायण चौबे ने कहा कि उनकी पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की विचारधारा पर काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और समान अवसर ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला हैं।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष नाम सिंह ने मिशन 2027 की रणनीति पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक पाण्डेय ने युवाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग की। किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने खेती की बढ़ती लागत, सिंचाई, बिजली और फसलों के उचित मूल्य को प्रमुख मुद्दा बताया।
कार्यक्रम में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, सोशल मीडिया सशक्तिकरण और बूथ प्रबंधन को लेकर भी चर्चा हुई। सम्मेलन में राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव वीरेंद्र मिश्रा ‘विरही’, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विजय कुमार पांडेय, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रमाकांती त्रिपाठी, पूर्व आईपीएस अधिकारी जुगल किशोर तिवारी समेत कई नेताओं ने विचार व्यक्त किए।
