श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम
विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

*लखनऊ*। 13 जून 2026। राजधानी लखनऊ में बड़ा मंगल के पावन अवसर पर श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। सेक्टर-25, इंदिरा नगर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA25IN), भारत विकास परिषद एवं हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-25, इंदिरा नगर स्थित गेट नं. 1 पर आयोजित विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय पार्षद श्री भगवानाथ शुक्ला द्वारा भगवान श्री हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो उठा। “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोषों से वातावरण गूंज उठा तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

भंडारे में विभिन्न वर्गों, आयु समूहों एवं समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और देर शाम तक प्रसाद वितरण का क्रम निरंतर चलता रहा। कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सेवा भावना का भी प्रेरणादायी संदेश दिया।
इस अवसर पर पार्षद श्री भगवानाथ शुक्ला ने कहा कि “बड़ा मंगल लखनऊ की सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है। यह उत्सव हमें सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को सशक्त बनाते हैं।”
कार्यक्रम में डा० संतोष कुमार श्रीवास्तव, डा० अशोक कुमार सिंह, श्रीमती सुनीता जिन्दल, श्रीमती सरिता शर्मा, श्री हर्ष वर्धन अग्रवाल, डॉ० रूपल अग्रवाल, श्री जगदीश प्रसाद गुप्ता, श्री महेश जायसवाल, श्रीमती स्मिता सिंह, श्री ए० के० त्रिपाठी, श्री श्याम बिहारी, श्री नटवर लाल खरे एवं श्री के० पी० शर्मा सहित सेक्टर-25, इंदिरा नगर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA25IN) के निवासीगण, भारत विकास परिषद एवं हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी, सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आयोजन के सफल संचालन में क्षेत्रवासियों, स्वयंसेवकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का उल्लेखनीय योगदान रहा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक सहभागिता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
