अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

लखनऊ।(सय्यद जावेद हुसैन) विकास प्राधिकरण (एलडीए) के ज़ोन-2 अंतर्गत थाना पीजीआई क्षेत्र के चरण भट्ठा रोड, एसजीपीजीआई (SGPGI) के निकट कथित रूप से बड़े पैमाने पर श्रृंखलाबद्ध रो-हाउसों का निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जाने का मामला सामने आया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कई निर्माण कार्य प्राधिकरण के नियमों और मानकों की अनदेखी करते हुए संचालित किए जा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि उक्त निर्माण कार्य लंबे समय से जारी हैं, बावजूद इसके संबंधित विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। आरोप है कि क्षेत्र के अवर अभियंता विवेक कुमार यादव के कार्यक्षेत्र में यह निर्माण खुलेआम जारी हैं, जिससे विभागीय निगरानी और कार्रवाई पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

गौरतलब है कि लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष द्वारा समय-समय पर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण, अवैध प्लाटिंग अथवा रो-हाउस निर्माण किसी भी स्थिति में न होने दिया जाए। इसके बावजूद यदि ऐसे निर्माण कार्य जारी हैं तो यह विभागीय जवाबदेही का विषय बनता है।
प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने का दावा करती रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर सामने आ रहे ऐसे मामलों से प्रशासनिक व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि प्राधिकरण के उच्च अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर जांच कराते हैं या नहीं तथा यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं निर्माणकर्ताओं के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है।
