लुलु मॉल के सामने बनेगा 100 मीटर लंबा आधुनिक फुट ओवरब्रिज
18 करोड़ की परियोजना को मिली मंजूरी”

*लखनऊ*।(*सय्यद जावेद हुसैन*) राजधानी के शहीद पथ पर स्थित लुलु मॉल के सामने जल्द ही एक भव्य और अत्याधुनिक स्काई वॉक (फुट ओवरब्रिज) आकार लेगा। लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह 100 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज न केवल पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करेगा, बल्कि शहर को एक नया आकर्षक अर्बन लैंडमार्क भी देगा।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक में परियोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू करने को मंजूरी प्रदान कर दी गई। खास बात यह है कि यह परियोजना पीपीपी मॉडल पर विकसित होगी और निर्माण का पूरा खर्च निजी कंपनी द्वारा वहन किया जाएगा।

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि शहीद पथ जैसे व्यस्त मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सड़क पार करते हैं। आधुनिक स्काई वॉक के निर्माण से पैदल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बाधारहित आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसमें सीढ़ियों के साथ-साथ लिफ्ट की भी व्यवस्था होगी, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और महिलाओं को विशेष राहत मिलेगी।
यह परियोजना केवल सड़क पार करने का साधन नहीं होगी, बल्कि एक आधुनिक अर्बन स्पेस के रूप में विकसित की जाएगी। इसके तहत ग्राउंड फ्लोर पर लगभग 1200 वर्गमीटर क्षेत्र में हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जहां कियोस्क, सार्वजनिक उपयोग के लिए इंटरैक्टिव स्पेस, शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इसके अतिरिक्त ग्राउंड फ्लोर, मेजेनाइन फ्लोर और प्रथम तल पर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए कॉमर्शियल स्पेस विकसित किया जाएगा। वहीं स्काई वॉक के रूफटॉप पर ओपन एयर रेस्टोरेंट और बड़ी एलईडी स्क्रीन जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं, जिससे यह स्थान शहरवासियों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बन सकेगा।

एलडीए के अनुसार स्काई वॉक की डिजाइन में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें एंटी-स्किड फ्लोरिंग, मजबूत रेलिंग, सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट साइनेज, अग्निरोधी विद्युत फिटिंग और भूकंपरोधी संरचना का प्रावधान किया गया है। साथ ही फायर सेफ्टी उपकरण, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, प्राथमिक उपचार किट और आपदा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
परियोजना के निर्माण के दौरान शहीद पथ के यातायात पर न्यूनतम प्रभाव पड़े, इसके लिए चरणबद्ध निर्माण पद्धति अपनाई जाएगी। आवश्यकता अनुसार अस्थायी डायवर्जन, बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और ट्रैफिक मार्शलों की तैनाती की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर यातायात संचालन को निर्बाध रखने की योजना तैयार की गई है।
शहर के तेजी से बदलते शहरी परिदृश्य में यह स्काई वॉक न केवल सुरक्षित आवागमन का माध्यम बनेगा, बल्कि लखनऊ की आधुनिक पहचान को भी नई ऊंचाई देगा।
