नगर आयुक्त ने नालों की सफाई का लिया जायजा

*लखनऊ*। आगामी मानसून के मद्देनज़र शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए नगर निगम ने नाला सफाई अभियान में तेजी ला दी है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने जोन-3 क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख नालों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई कार्यों की गुणवत्ता परखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि बारिश शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई पूरी क्षमता और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में जल निकासी प्रभावित न हो और नागरिकों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण की शुरुआत टेढ़ी पुलिया चौराहे से इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के बीच सर्विस रोड के किनारे स्थित नाले से हुई, जहां बकेट मशीन द्वारा सफाई कार्य किया जा रहा था। नगर आयुक्त ने मौके पर सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने छुइयापुरवा चौराहे से अलीशा नगर चौराहे तक स्थित नाले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कुछ स्थानों पर और बेहतर सफाई की आवश्यकता है। इस पर उन्होंने नाले की दोबारा सफाई कराने तथा जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
लखनऊ विश्वविद्यालय न्यू कैंपस के निकट रेलवे पुलिया से बिठौली चौराहे तक स्थित नाले के निरीक्षण में कुछ स्थानों पर फ्लोटिंग मटेरियल दिखाई देने पर नगर आयुक्त ने तत्काल उसे हटाने तथा पूरे नाले की पुनः सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की शिकायतें किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होंगी और इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि नालों की कवरिंग हटाकर अंदर तक गहन सफाई कराई जाए तथा कार्य पूर्ण होने के बाद कवरिंग को व्यवस्थित ढंग से पुनः स्थापित किया जाए। साथ ही सफाई के दौरान निकलने वाली सिल्ट को समयबद्ध तरीके से हटाने और सड़कों अथवा नालों के किनारे जमा न होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने नाला सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी कर्मियों को आवश्यक सेफ्टी गियर्स उपलब्ध कराए जाएं तथा अभियंता नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करें, जिससे अभियान गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित हो सके।
नाला सफाई कार्यों के निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने कश्मीरी मोहल्ला स्कूल का भी दौरा किया। यहां उन्होंने विद्यालय में चल रहे नवीनीकरण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। चीफ इंजीनियर (सिविल) महेश वर्मा एवं पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान की उपस्थिति में नए कक्षों के निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया गया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
नगर निगम के इस निरीक्षण अभियान को मानसून पूर्व तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है, जिससे शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने और बरसात के दौरान नागरिकों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
