लोनापुर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कथित रूप से अनाधिकृत व्यावसायिक रो-हाउस निर्माण कार्य तेजी से जारी

लखनऊ।(*सय्यद जावेद हुसैन*)पुलिस चौकी एसटीपी, थाना बीबीडी क्षेत्र के सामने स्थित गोमती विहार कॉलोनी, लोनापुर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कथित रूप से अनाधिकृत व्यावसायिक रो-हाउस निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में बिना वैध स्वीकृति एवं मानचित्र के व्यावसायिक उपयोग के उद्देश्य से रो-हाउस विकसित किए जा रहे हैं, जबकि लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि किसी भी स्थिति में अवैध प्लाटिंग, रो-हाउस एवं अनाधिकृत कॉलोनियों का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
इसके बावजूद ज़ोन-1 में तैनात अवर अभियंता राहुल विश्वकर्मा के क्षेत्र में खुलेआम निर्माण कार्य जारी रहना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
आरोप है कि निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा न तो कोई प्रभावी रोक लगाई गई और न ही विधिक कार्रवाई होती दिखाई दे रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे निर्माणों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में क्षेत्र में अव्यवस्थित विकास, पार्किंग संकट, जलनिकासी समस्या एवं मूलभूत सुविधाओं पर अतिरिक्त दबाव जैसी समस्याएँ उत्पन्न होंगी।
सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि जब प्राधिकरण स्तर से सख्त निर्देश जारी हैं, तब ज़मीनी स्तर पर उनका पालन क्यों नहीं हो रहा? क्या संबंधित अधिकारियों की उदासीनता के कारण अवैध निर्माणकर्ताओं के हौसले बुलंद हैं, अथवा फिर संरक्षण का खेल चल रहा है?
अब देखना यह होगा कि लखनऊ विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी इस प्रकरण का संज्ञान लेकर जांच एवं कार्रवाई करते हैं या फिर उपाध्यक्ष के आदेश केवल कागज़ों तक सीमित रहेंगे।
