मानचित्रों के विपरीत बड़े पैमाने पर होटल और लॉज निर्माण का मामला चर्चा में
लखनऊ।( *सय्यद जावेद हुसैन*)लखनऊविकास प्राधिकरण के ज़ोन 2 अंतर्गत थाना पीजीआई क्षेत्र के हैबत मऊ मवैया स्थित सरस्वती पुरम कॉलोनी में कथित रूप से स्वीकृत मानचित्रों के विपरीत बड़े पैमाने पर होटल और लॉज निर्माण का मामला चर्चा में है।
क्षेत्र में खड़े बहुमंज़िला निर्माणों को देखकर प्रथम दृष्टया पार्किंग, सेटबैक और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का अभाव दिखाई देता है।
तस्वीर में स्पष्ट रूप से एक के बाद एक होटलनुमा इमारतों की श्रृंखला दिखाई दे रही है, जबकि सड़क की चौड़ाई और वाहनों के आवागमन की स्थिति यह संकेत देती है कि भविष्य में यहां गंभीर यातायात और पार्किंग संकट उत्पन्न हो सकता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित नहीं की जा रही हैं।
क्षेत्र में पहले से ही
Wellness Home (Hotel),
Sun City Lodge,
Hotel Aditya Inn,
Flagship Hotel Shivam International,
HOTEL KUNTI INTERNATIONAL,
Hotel O by OYO SGPGI,
Hotal Vasundra Inn तथा अन्य कई होटल एवं गेस्ट हाउस संचालित बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि श्री वशिष्ठ सहकारी समिति लिमिटेड, हैबत मऊ मवैया, वार्ड इब्राहिमपुर, सरस्वती पुरम कॉलोनी में लगातार व्यावसायिक निर्माण बढ़ रहे हैं। यदि इन निर्माणों में पार्किंग, फायर सेफ्टी, सेटबैक और मानचित्र स्वीकृति की शर्तों का पालन नहीं किया गया है, तो यह भविष्य में स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी समस्या बन सकता है।
स्थानीय नागरिकों की मांग है कि लखनऊ विकास प्राधिकरण एवं संबंधित विभाग मौके पर संयुक्त निरीक्षण कर यह स्पष्ट करें कि इन भवनों का उपयोग किस श्रेणी में स्वीकृत है, कितने निर्माण मानचित्रानुसार हैं, तथा क्या पार्किंग एवं अन्य अनिवार्य प्रावधानों का पालन किया गया है या नहीं।
