गर्मी में बिजली व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती

मध्यांचल में बिजली चोरों पर शिकंजा, पीक आवर्स में चला विशेष अभियान

अमौसी, लखनऊ मध्य, गोमती नगर और जानकीपुरम क्षेत्रों में कार्रवाई

लखनऊ मध्य क्षेत्र में चोरी पकड़ने के साथ शिकायतों का त्वरित निस्तारण

कई जगह चोरी पकड़ी गई, व्यवस्था सुधार के लिए युद्धस्तर पर काम

मुख्य अभियंता ने किया बड़े इमामबाड़े से छोटे इमामबाड़े तक निकलने वाले शाही जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण

लखनऊ। प्रदेश में बढ़ती गर्मी और बिजली की बढ़ती मांग के बीच मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एमवीवीएनएल) ने बिजली चोरी रोकने, लाइन लॉस कम करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। प्रबंध निदेशक के निर्देश पर बुधवार को विभिन्न जोनों में विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें बिजली चोरी के मामलों का खुलासा हुआ, वहीं कई स्थानों पर विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए तकनीकी कार्य भी किए गए।

अमौसी क्षेत्र में अधिशासी अभियंता रेड असेसमेंट एवं कलेक्शन के नेतृत्व में पूर्व चिन्हित फीडरों पर सघन मॉर्निंग रेड अभियान चलाया गया। विभागीय और विजिलेंस टीमों ने 52 विद्युत कनेक्शनों की जांच की। जांच के दौरान 8 उपभोक्ता मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते पाए गए। विभाग ने संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है तथा प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।

अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गोमती नगर क्षेत्र में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए पीक आवर्स के दौरान विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। रेड टीम ने रात में उपकेन्द्र बाघामऊ फीडर क्षेत्र में 630 केवीए ट्रांसफार्मर का लोड परीक्षण किया और संबंधित क्षेत्रों में पेट्रोलिंग की।

विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य विद्युत भार को संतुलित बनाए रखना और उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि आवश्यकता के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें और अनावश्यक खपत से बचें ताकि सभी को बेहतर आपूर्ति मिल सके।

जानकीपुरम जोन में शिकायत निवारण और विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक तकनीकी कार्य किए गए। अधिशासी अभियंता तकनीकी के निर्देशन में वितरण परिवर्तकों के अनुरक्षण, लोड बैलेंसिंग तथा भार विभक्तीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया गया।

फैजुल्लागंज उपकेंद्र के अंतर्गत 400 केवीए और 630 केवीए ट्रांसफार्मरों की मरम्मत, एलटी जंपर बदलने, फ्यूज यूनिट की मरम्मत तथा लोड बैलेंसिंग का कार्य पूरा कराया गया। इसके अलावा आईटीआई क्षेत्र, 60 फीट रोड और व्याल फोर्ट कॉलोनी सहित कई इलाकों में भी विद्युत उपकरणों की मरम्मत और संतुलन का कार्य किया गया।

लखनऊ मध्य क्षेत्र में नई वर्टिकल व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को निर्बाध और सुरक्षित बिजली उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बिजनेस प्लान 2025-26 के अंतर्गत डायल-112 से यशवंत स्क्वायर के बीच नई केबल जोड़ने का कार्य पूरा किया गया।

इसी क्रम में मुख्य अभियंता ने बड़े इमामबाड़े से छोटे इमामबाड़े तक निकलने वाले शाही जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की विद्युत बाधा न आने पाए।

वहीं रेड टीम ने चौक क्षेत्र में अभियान चलाकर 12 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा। सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

1912 हेल्पलाइन बनी उपभोक्ताओं का सहारा

लखनऊ मध्य जोन में बुधवार को 1912 हेल्पलाइन पर मीटर संबंधी 45, सप्लाई संबंधी 33 और बिल संबंधी 49 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनके निस्तारण की प्रक्रिया तेजी से की गई। कई उपभोक्ताओं ने नई वर्टिकल व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, केवल 1912 पर शिकायत दर्ज कराने से ही समस्या का समाधान हो जाता है।

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में बिजली चोरी रोकना, लाइन लॉस कम करना और तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। निगम ने साफ किया है कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा, जबकि उपभोक्ताओं को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up