बिजली व्यवस्था पर ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा सख्त

हर हाल में जनता को मिले निर्बाध बिजली

संविदाकर्मियों को नहीं हटाया जाएगा

शिकायतों पर होगी कड़ी कार्रवाई

लखनऊ। प्रदेश में आंधी-तूफान के बाद उत्पन्न हुई विद्युत समस्याओं को लेकर ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। लखनऊ के संगम सभागार में आयोजित बैठक में मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश के हर क्षेत्र में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की विद्युत बाधा होने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए।

बैठक में मंत्री ने सभी विद्युत वितरण निगमों (डिस्कॉम) के कार्यों की डिस्कॉमवार समीक्षा करते हुए कहा कि जनहित सर्वोपरि है और अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता व जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने आंधी-तूफान से विद्युत अवसंरचना को हुए नुकसान और मरम्मत कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

ऊर्जा मंत्री ने जनप्रतिनिधियों और आम उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। सिद्धार्थनगर जनपद से अधिशासी अभियंता ज्ञान प्रकाश के खिलाफ मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान संविदाकर्मियों के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। संविदा कर्मचारियों को कार्य से हटाए जाने की शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना उचित कारण किसी भी संविदाकर्मी को नौकरी से न निकाला जाए। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में संविदाकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके हितों की रक्षा की जानी चाहिए।

इसके अलावा विधायक निधि से प्रस्तावित विद्युत विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की जरूरतों और जनप्रतिनिधियों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों में तेजी लाई जाए।

बैठक में यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अपर मुख्य सचिव ऊर्जा आशीष गोयल और सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up