बैग से 13 करोड़ की हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद

*लखनऊ*। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीसीएसआई) लखनऊ पर एयर कस्टम्स की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री के कब्जे से करीब 13 करोड़ रुपये मूल्य की प्रतिबंधित मादक पदार्थ (हाइड्रोपोनिक गांजा/मारिजुआना) बरामद की है।
एयर कस्टम्स अधिकारियों के अनुसार मस्कट से लखनऊ आने वाली फ्लाइट संख्या WY-265 के एक चेक-इन बैग की एक्स-रे स्कैनिंग और गहन जांच के दौरान संदिग्ध सामग्री मिलने पर कार्रवाई की गई। जांच में संबंधित यात्री की पहचान कर उसे ट्रैक किया गया तथा उसके सामान की तलाशी ली गई।


तलाशी के दौरान यात्री के बैग से 10 पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए, जिन्हें पांच चॉकलेट पैकेटों के भीतर छिपाकर रखा गया था। इन पैकेटों में हरे रंग का संदिग्ध मादक पदार्थ मिला, जो प्रारंभिक परीक्षण में हाइड्रोपोनिक गांजा (मारिजुआना) प्रतीत हुआ। बरामद पदार्थ का कुल वजन लगभग 13 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कस्टम्स विभाग ने बरामद मादक पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 43(ए) के तहत जब्त कर लिया है। जांच में प्रथम दृष्टया एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8, 20, 23 एवं 29 के उल्लंघन की पुष्टि होने पर आरोपी यात्री को 1 जून को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कस्टम्स विभाग ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
एयर कस्टम्स की इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
