एमडी रिया केजरीवाल का बड़ा फैसला

राजधानी के संवेदनशील बिजली उपकेंद्रों पर वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती

भीषण गर्मी और बढ़ते लोड के बीच 31 मई तक चलेगा विशेष निगरानी अभियान

*लखनऊ*। भीषण गर्मी के चलते लगातार बढ़ती बिजली मांग और राजधानी में चरमराती विद्युत व्यवस्था को देखते हुए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। एमडी द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप के तहत लखनऊ के संवेदनशील 33/11 केवी उपकेंद्रों पर वरिष्ठ अभियंताओं और अधिकारियों की विशेष तैनाती की गई है, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा सके।

यह विशेष व्यवस्था 31 मई 2026 तक लागू रहेगी। आदेश में साफ कहा गया है कि बढ़ती गर्मी, ओवरलोडिंग और कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी निगरानी आवश्यक है।

लखनऊ मध्य क्षेत्र में इन अधिकारियों की तैनाती

लखनऊ मध्य क्षेत्र के आरडीएसओ, राजाजीपुरम ओल्ड/न्यू, अमीनाबाद ओल्ड और ठाकुरगंज उपकेंद्रों पर अधीक्षण अभियंता (तकनीकी) श्री मुकेश कुमार तथा अधिशासी अभियंता (तकनीकी) श्री विजय कुमार राजपूत को तैनात किया गया है।

अपट्रॉन, आजाद नगर, न्यू हैदरगंज और चौपटिया उपकेंद्रों के लिए अधीक्षण अभियंता (संरक्षण कार्य) श्री समरजीत तथा अधिशासी अभियंता श्री संजय कुमार निगम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चौपटिया, महादेवगंज और अर्जुनगंज क्षेत्र के लिए मुख्य अभियंता (वितरण) श्री नरेश कुमार एवं अधिशासी अभियंता श्री संजीव कुमार को तैनात किया गया है।

जानकीपुरम क्षेत्र में विशेष निगरानी

फैजुल्लागंज और अलीगंज क्षेत्र की निगरानी मुख्य अभियंता (आरडीएसएस) श्री वीके सिंह तथा अधिशासी अभियंता (तकनीकी) श्री छविनाथ शर्मा करेंगे।

प्रियदर्शिनी और यूनिवर्सिटी क्षेत्र में अधीक्षण अभियंता (वाणिज्य) श्री नीतिन कुमार और अधिशासी अभियंता श्री ओम प्रकाश गौतम को जिम्मेदारी दी गई है।

उत्तरेठिया ओल्ड, उत्तरेठिया न्यू और अंबेडकर यूनिवर्सिटी उपकेंद्रों पर मुख्य अभियंता (वितरण) श्री मनोज गुप्ता तथा अधिशासी अभियंता श्री विकास शर्मा को तैनात किया गया है।

आशियाना और आसपास के इलाकों में भी सख्ती

मंसरोजन, शारदा नगर और गौरीगंज क्षेत्र के लिए मुख्य अभियंता (वितरण) श्री नीरज कुमार और अधिशासी अभियंता श्री रंजीत जयसवाल को जिम्मेदारी दी गई है।

सुशांत गोल्फ सिटी, एलडीए सिटी और जनेश्वर नगर उपकेंद्रों पर अधीक्षण अभियंता श्री योगेंद्र कुमार तथा अधिशासी अभियंता श्री पंकज सागर निगरानी करेंगे।

वृंदावन, आलमबाग और मोहनलालगंज ओल्ड क्षेत्र में अधीक्षण अभियंता श्री अखिलेश कुमार सिंह एवं अधिशासी अभियंता श्री विवेक बाजपेयी को तैनात किया गया है।

गोमतीनगर क्षेत्र में भी वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी

गोमतीनगर क्षेत्र के कमता और लोहिया उपकेंद्रों पर अधीक्षण अभियंता (तकनीकी) श्री धर्म विजय तथा अधिशासी अभियंता श्री राजेश शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा विभूतिखंड, चिनहट, सेक्टर-14 इंदिरानगर और सेक्टर-5 गोमतीनगर उपकेंद्रों पर अधीक्षण अभियंता (आईटी) श्री मनीष कुशवाहा तथा अधिशासी अभियंता श्री रमेश चंद्र भारती की तैनाती की गई है।

अधिकारियों को दिए गए कड़े निर्देश

कार्यालय ज्ञाप में निर्देश दिया गया है कि सभी तैनात अधिकारी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 1 बजे तक क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे और—

उपभोक्ताओं की शिकायतों का तत्काल निस्तारण करेंगे

ट्रिपिंग और फॉल्ट की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करेंगे

ओवरलोडिंग वाले फीडरों की लगातार निगरानी करेंगे

जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर और केबल की व्यवस्था कराएंगे

संवेदनशील इलाकों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन से समन्वय करेंगे

एमडी रिया केजरीवाल की इस पहल को राजधानी की बिगड़ती बिजली व्यवस्था को सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि इससे उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

सूत्रों के अनुसार पुराने लखनऊ और घनी आबादी वाले कई क्षेत्रों में बिजली चोरी के कारण भी ट्रांसफार्मरों पर अत्यधिक भार बढ़ रहा है। विभाग ने ऐसे इलाकों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं ताकि तकनीकी नुकसान कम किया जा सके और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

मध्यांचल विद्युत निगम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अनावश्यक बिजली उपयोग से बचें और किसी भी फॉल्ट या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें। विभाग का दावा है कि इस विशेष अभियान से राजधानी में बिजली व्यवस्था को काफी हद तक बेहतर बनाया जा सकेगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up