भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था पर सख्ती

 लेसा मुख्यालय पहुंचे ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव

लखनऊ। भीषण गर्मी और बढ़ते बिजली लोड के बीच राजधानी की विद्युत व्यवस्था को लेकर डॉ. आशीष गोयल ने गुरुवार को गोखले मार्ग स्थित लेसा एवं मध्यांचल मुख्यालय पहुंचकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजधानी लखनऊ में ट्रिपिंग विहीन और निर्बाध बिजली आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

बैठक में अधिशाषी अभियंताओं और वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करते हुए डॉ. गोयल ने कहा कि राजधानी होने के कारण लखनऊ की बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से कार्य नहीं कर पा रहे हैं उन्हें हटाया जाए, जबकि बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाए।

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि संवेदनशील इलाकों की पहचान कर विशेष निगरानी की जा रही है। फील्ड में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है तथा बिजली आपूर्ति संबंधी सूचनाओं के लिए व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाए गए हैं। मुख्य अभियंता जानकीपुरम ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में रात 10 बजे के बाद अचानक बिजली लोड बढ़ने से फ्यूज बार-बार डैमेज हो रहे हैं, जिससे आपूर्ति प्रभावित हो रही है। जांच में बिजली चोरी की समस्या भी सामने आई है, जिसके खिलाफ अभियान तेज किया गया है।

डॉ. गोयल ने निर्देश दिए कि सही क्षमता के फ्यूज लगाए जाएं ताकि ट्रांसफार्मर डैमेज न हों और लंबे समय तक बिजली बाधित होने की स्थिति न बने। उन्होंने बार-बार ट्रिपिंग वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई करने और उपभोक्ताओं को वास्तविक स्थिति से अवगत कराने पर भी जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बिजली बाधित होने पर उपभोक्ताओं, जनप्रतिनिधियों और मीडिया को समय से सही जानकारी दी जाए, ताकि अफवाहों से बचा जा सके और विभाग की कार्यवाही जनता तक पहुंचे।

बैठक में नितीश कुमार, रिया केजरीवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up