एलडीए, पीडब्ल्यूडी, लेसा और जलकल विभाग को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश


*लखनऊ*। सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय में शहर के विकास कार्यों, लंबित परियोजनाओं और विभिन्न विभागों के समन्वय को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), लेसा और जलकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में शहर के विभिन्न जोनों में प्रस्तावित पीसीटीएस सेंटरों के निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने एलडीए अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जोन-1 स्थित मूंगफली मंडी (रिवर बैंक कॉलोनी सिटी स्टेशन), सुपर मार्केट, जोन-4 की नगर निगम वर्कशॉप (आरआर), जोन-6 के दुबग्गा क्षेत्र तथा जोन-7 के मैथिलीशरण गुप्त वार्ड के सी-ब्लॉक में प्रस्तावित पीसीटीएस सेंटरों के लिए 18 मई तक भूमि उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि 18 मई को दोबारा समीक्षा बैठक कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। बैठक में एलडीए के डिप्टी सेक्रेटरी माधवेश कुमार भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनेश्वर मिश्र पार्क के बाहर संचालित वेंडिंग जोन की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। वहीं जलकल विभाग द्वारा प्रस्तावित तीन नई पानी की टंकियों के एस्टीमेट को शीघ्र स्वीकृति देकर बजट जारी करने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
लेसा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए महापौर ने सीएम ग्रिड परियोजना के प्रथम चरण के अंतर्गत सात स्थानों पर चल रहे कार्यों में ट्रांसफॉर्मर शिफ्टिंग की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में लेसा के चीफ इंजीनियर सुशील गर्ग मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि विद्युत शटडाउन के दौरान नगर निगम और लेसा की टीमों के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए, ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े।
इस दौरान जीएम जलकल कुलदीप सिंह ने बताया कि शहर के कई क्षेत्रों में सीवर लाइनों के भीतर बिजली की लाइनें डाली गई हैं, जिससे भविष्य में गंभीर तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार लेसा को पत्राचार भी किया जा चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने लेसा अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से इन विद्युत लाइनों को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पीडब्ल्यूडी के नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता Satendra Nath भी मौजूद रहे। महापौर ने उन्हें नगर निगम से संबंधित सभी निर्माण एवं विकास कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बेहद आवश्यक है। नगर निगम नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है और प्रत्येक परियोजना की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
