लखनऊ में भाजपा नेता पर फायरिंग

आरोपी हिरासत में पुरानी रंजिश या नाम को लेकर विवाद?

*लखनऊ*। राजधानी के थाना बाजारखाला क्षेत्र में शनिवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब मेहंदीगंज इलाके में एक भाजपा नेता को गोली मार दी गई। घायल नेता की पहचान श्याम चेतन तिवारी (35) पुत्र सुरेश चंद्र तिवारी निवासी मेहंदीगंज के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।


पुलिस के अनुसार, 09 मई 2026 की रात थाना बाजारखाला को सूचना मिली कि टिकैतराय राय तालाब के पास एक व्यक्ति को गोली मारी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चेतन तिवारी को स्थानीय युवक वैभव बाजपेई (25) पुत्र संतोष कुमार बाजपेई ने गोली मारी है।
घटना के खुलासे में सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रही। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि, क्षेत्र में इस बात की भी चर्चा है कि चेतन तिवारी अपने नाम के आगे “महाराज” लिखते थे, जिसे लेकर कुछ लोगों में नाराजगी थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय भी वह अपने इसी नाम से होर्डिंग लगवा रहे थे।


चेतन तिवारी बुद्धेश्वर व्यापार मंडल से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं और स्थानीय स्तर पर भाजपा से सक्रिय रूप से जुड़े हैं। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up