उपभोक्ता जागरूकता रैली निकाली गई


बिजली बचाने और चोरी रोकने का दिया संदेश
लखनऊ। विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को विद्युत वितरण खंड चौक के तत्वावधान में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत चौक क्षेत्र से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में संविदा कर्मियों और विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।
रैली में शामिल लोगों के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर “विद्युत चोरी है अपराध” जैसे संदेश लिखे हुए थे। यह रैली चौक से निकलकर अकबरी गेट, नक्खास, कोयला मंडी होते हुए ऐशबाग पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान विक्टोरिया ऐशबाग के अवर अभियंता सहित कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
रैली के माध्यम से आम जनता को बिजली चोरी के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे अनावश्यक विद्युत उपकरणों को बंद रखें और बिजली का कम से कम उपयोग करें। लोगों को यह भी सलाह दी गई कि एसी का उपयोग सीमित समय के लिए करें और बीच-बीच में उसे बंद कर ऊर्जा की बचत करें। अधिकारियों ने कहा कि “राष्ट्रहित में बिजली बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
इसके अलावा, राजा जी पुरम और बाल तिराहा क्षेत्रों में भी जन-जागरण अभियान चलाया गया, जहां विभागीय टीमों ने घर-घर जाकर लोगों को बिजली बचत और चोरी रोकने के प्रति जागरूक किया।
विद्युत विभाग के अनुसार, इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़े और बिजली की बचत के साथ-साथ अवैध खपत पर भी रोक लगाई जा सके।
