स्वच्छ लखनऊ अभियान को गति

*विभिन्न जोनों में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई*

*गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर सख्ती*

लखनऊ: नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर लखनऊ नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को विभिन्न जोनों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत गंदगी फैलाने वालों, अतिक्रमण करने वालों तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की। निगम ने कई जगह जुर्माना वसूला, सामान जब्त किया और व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए।

*जोन 1: सफेद बारादरी पर ₹25,000 का जुर्माना*

जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री कुलदीपक सिंह के नेतृत्व में एसएफआई संजय कुमार ने कैसरबाग स्थित सफेद बारादरी परिसर में गंदगी फैलाने पर ₹25,000 का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कूड़ा प्रबंधन प्रणाली को सुधारने और नियमित सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

 

*जोन 3: 32 चालान, ₹20,000 जुर्माना और 2 किलो प्लास्टिक जब्त*

जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री मनोज यादव के निर्देशन में मड़ियांव थाना से आईआईएम तिराहा और महर्षि यूनिवर्सिटी मार्ग तक 296 प्रवर्तन दल, खाद्य निरीक्षक श्री प्रमोद कुमार गौतम और श्री पुष्कर सिंह पटेल के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया।

इस दौरान गंदगी फैलाने और पॉलीथीन के उपयोग पर 32 चालान किए गए और कुल ₹20,000 का अर्थदंड वसूला गया। साथ ही 2 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक भी जब्त की गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर कार्यवाही की जाएगी। निगम ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग न करें और आसपास सफाई रखकर अभियान में सहयोग करें।

*जोन 4: अतिक्रमण और प्लास्टिक पर ₹30,000 की वसूली*

जोन 4 के कैलाश कुंज, गोमती नगर क्षेत्र में चलाए गए अभियान में अतिक्रमण एवं गंदगी फैलाने के मामलों में 9 चालान कर ₹25,000 तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के लिए 5 चालान कर ₹5,000 का दंड वसूला गया। कार्रवाई में एसएफआई रश्मि शुक्ला, बाल गोविंद, और राकेश कुमार वर्मा मौजूद रहे।

 

*जोन 8: 9,000 रुपए का चालान*

जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री जितेंद्र गांधी के निर्देशन में खजान मार्केट, आशियाना और एसजीपीजीआई क्षेत्र में गंदगी फैलाने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक उपयोग पर ₹9,000 का चालान किया गया। यह अभियान एसएफआई मो. नईम, वीरभद्र सिंह, और सतेंद्र नाथ द्वारा संचालित किया गया।

*जोन 2 और 6 में भी कड़ी कार्रवाई*

जोन 2 में गंदगी फैलाने पर 26 लोगों से कुल ₹23,000 का जुर्माना वसूला गया। जोन 6 में गंदगी फैलाने पर ₹5,700 तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर ₹7,000 का चालान किया गया।

नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने कहा कि स्वच्छ लखनऊ के लक्ष्य को जनभागीदारी के बिना पूरा नहीं किया जा सकता। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग को तुरंत बंद करें, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएँ तथा सफाई व्यवस्था को बनाए रखने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up