चार घंटे के हवाई सफर के लिए यात्रियों को लखनऊ में ही 16 घंटे का इंतजार करना पड़ गया। लखनऊ से दुबई की उड़ान फ्लाई दुबई-FZ434 को सुबह 5:20 पर उड़ान भरनी थी, लेकिन यह विमान रात 9:30 बजे लखनऊ से रवाना हुआ। इस दौरान यात्रियों को निजी होटल में रुकवाया गया।
फ्लाई दुबई-FZ433 फ्लाइट सुबह 4:20 बजे लखनऊ उतरती है। एयरपोर्ट अथारिटी के अनुसार मंगलवार को यह उड़ान लखनऊ के पास तक पहुंचने के बाद किसी तकनीकी कारण से दिल्ली डायवर्ट हो गई। वहां से यह उड़ान सुबह 7:50 बजे लखनऊ पहुंची। इस दौरान पायलट की आठ घंटे की ड्यूटी अवधि खत्म हो चुकी थी। नतीजतन पायलट को विश्राम करने का निर्देश दिया गया। यात्रियों को गोमती नगर स्थित होटल में ठहराया गया।
तय समय से अधिक ड्यूटी की तो निरस्त हो सकता है लाइसेंस
विमान के पायलटों के लिए सख्त अंतरराष्ट्रीय मानक हैं। ‘फ्लाइट ड्यूटी टाइम इन इंडियन कॉमर्शियल एयरलाइंस पायलट’ या एफडीटीएल का कड़ाई से पालन कराया जाता है। एक पायलट के अनुसार यह नियम इतना सख्त है कि यदि अपनी ड्यूटी की तय अवधि से पांच मिनट ज्यादा भी कार्य किया तो पायलट का लाइसेंस निरस्त हो सकता है। इसके अलावा उसको तगड़ा दंड अलग से भुगतना पड़ेगा। यह नियम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है।