*पराग डेयरी से जुड़े बैंक खाते सीज*

82.84 लाख रुपये बकाया पर नगर निगम की सख्त कार्रवाई


*जोन-8 में गृहकर बकायेदारों के खिलाफ कुर्की अभियान, तीन प्रतिष्ठान सील*

 

*लखनऊ।* नगर निगम लखनऊ ने कर बकाया न चुकाने पर शुक्रवार, को बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ प्रोड्यूसर्स कोऑपरेटिव मिल्क यूनियन लिमिटेड (पराग डेयरी) से जुड़े बैंक खातों को कुर्क कर सीज कर दिया। यह कार्रवाई वित्तीय वर्ष 2025-26 तक के बकाया कर की वसूली के लिए की गई है।

नगर निगम के अनुसार डायरेक्टर पराग डेयरी के नाम दर्ज भवन संख्या है, जिसपर कुल 82,84,597 रुपये का कर बकाया है। जोनल अधिकारी विकास सिंह ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कर का भुगतान नहीं किया गया। बकाया वसूली के लिए पहले नियमानुसार बिल और डिमांड नोटिस जारी किए गए थे। इसके साथ ही संबंधित संस्था से व्यक्तिगत स्तर पर संपर्क कर भुगतान करने का अनुरोध भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की गई।

 

अपर नगर आयुक्त डॉ अरविंद कुमार राव ने बताया कि उ.प्र. नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 509 से 516 के तहत निगम को बकाया कर की वसूली के लिए चल और अचल संपत्ति को कुर्क करने का अधिकार है। इसी प्रावधान के तहत लखनऊ प्रोड्यूसर्स कोऑपरेटिव मिल्क यूनियन लिमिटेड के दो बैंक खातों को कुर्क और सीज कर दिया गया।

यह कार्रवाई अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव के आदेश पर जोन-8 के जोनल अधिकारी श्री विकास सिंह, कर निर्धारण अधिकारी श्री दिव्यांशु पाण्डेय, कर अधीक्षक श्री राम अचल व श्री सुरेन्द्र सिंह तथा राजस्व निरीक्षक श्री राजा भैया द्वारा की गई। अधिकारियों ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए बैंक को खाते सीज करने के निर्देश दिए।

जोन-8 में कुर्की की कार्रवाई तीन प्रतिष्ठान सील

 

*नगर निगम लखनऊ* ने जोन-8 क्षेत्र में गृहकर बकायेदारों के खिलाफ विशेष कुर्की अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी जोन-8 विकास सिंह ने किया। इस दौरान श्रद्धेय अटल विहारी बाजपेई वार्ड स्थित मिलेनियम पैलेस परिसर के तीन बकायेदार भवन स्वामियों के खिलाफ कुर्की और सीलिंग की कार्रवाई की गई।

नगर निगम के अनुसार शॉप नंबर 19/जीएफ (मिलेनियम पैलेस), शॉप नंबर 09/थर्ड फ्लोर (मिलेनियम पैलेस) तथा शॉप नंबर 14/फोर्थ फ्लोर (मिलेनियम पैलेस) पर कुल 12,02,948 रुपये गृहकर बकाया था। निर्धारित समय तक कर जमा न करने पर इन तीनों भवनों/प्रतिष्ठानों को कुर्क करते हुए सील कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान शॉप नंबर 19/जीएफ (मिलेनियम पैलेस) से 1,00,000 रुपये का आंशिक भुगतान मौके पर कराया गया। वहीं भवन शॉप नंबर 14/फोर्थ फ्लोर से 2,05,632 रुपये का पूर्ण भुगतान प्राप्त हुआ। इस प्रकार कुल 3,05,632 रुपये की धनराशि मौके पर ही नगर निगम कोष में जमा कराई गई। शेष बकाया राशि जमा न होने के कारण अन्य संबंधित संपत्तियां सील रखी गई हैं।

यह पूरी कार्रवाई जोनल अधिकारी जोन 8 विकास सिंह के निर्देशन में कर निर्धारण अधिकारी दिव्यांशु पाण्डेय, कर अधीक्षक राम अचल, राजस्व निरीक्षक राजा भैया तथा नगर निगम की 296 टीम और अन्य स्टाफ की मौजूदगी में संपन्न हुई।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up