एलडीए का बुलडोजर फिर गरजा

ठाकुरगंज में अवैध निर्माण ध्वस्त

*लखनऊ*।(*सय्यद जावेद हुसैन*) राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का अभियान लगातार जारी है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के सख्त निर्देशों के बाद प्रवर्तन विभाग शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माणों पर कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रवर्तन जोन-7 की टीम ने ठाकुरगंज क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई करते हुए एक अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में बुलडोजर की गूंज सुनाई दी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को जमींदोज किया गया। एलडीए की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।

जानकारी के अनुसार ठाकुरगंज के सराय माली खां मोहल्ले में वैभव चन्द्र एवं अन्य लोगों द्वारा लगभग 1900 वर्गफुट क्षेत्रफल के भूखंड पर बिना एलडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कार्य कराया जा रहा था। मामले की जांच के बाद प्राधिकरण ने संबंधित निर्माण को नियम विरुद्ध पाया और इसके खिलाफ विहित न्यायालय में वाद दायर किया गया। न्यायालय द्वारा ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए जाने के बाद प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में सहायक अभियंता संजय शुक्ला, अभियंता कुणाल गुप्ता तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।

जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि प्राधिकरण की अनुमति और स्वीकृत मानचित्र के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

एलडीए अधिकारियों का कहना है कि शहर में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने और अवैध निर्माणों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और जहां भी नियमों का उल्लंघन सामने आ रहा है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up