मध्य क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधारने को लेकर विभाग की मुहिम तेज़

बिजली चोरी करने वालों पर भी कसा शिकंजा

नौ उपभोक्ताओं पर कार्रवाई

*लखनऊ*। राजधानी के मध्य क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सुरक्षित और निर्बाध बनाने के लिए बिजली विभाग ने एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई तेज कर दी है। जहां एक ओर पुराने और ओवरलोड ट्रांसफार्मरों का लोड संतुलित कर विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर बिजली चोरी के खिलाफ विशेष मॉर्निंग रेड अभियान चलाकर नौ उपभोक्ताओं को चोरी करते हुए पकड़ा गया है।

लखनऊ मध्य क्षेत्र के अंतर्गत 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बलागंज क्षेत्र में एमडीएसएमएस से प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण के बाद ओवरलोड 250 केवीए इंडियन एकेडमी ट्रांसफार्मर का भार कम कर उसे 400 केवीए महबूबगंज ट्रांसफार्मर पर स्थानांतरित किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस तकनीकी सुधार से क्षेत्र में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

विभाग द्वारा बिजनेस प्लान 2024-25 के तहत न्यू कट क्षेत्र में लंबे समय से लंबित कार्यों को भी गति दी गई है। स्थानीय विवादों के कारण रुके कार्यों को नागरिकों और संबंधित पक्षों के सहयोग से दोबारा शुरू कराया गया। संबंधित एजेंसी द्वारा विद्युत पोल स्थापित करने का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। इसके पूरा होने से क्षेत्र की विद्युत वितरण व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत, सुरक्षित और विश्वसनीय होगी। साथ ही बिजनेस प्लान 2025-26 के तहत राजाजीपुरम रोड स्थित 33 केवी फीडर के लिए विद्युत केबल डालने का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।

इसी क्रम में राजाजीपुरम, चौक और ऐशबाग क्षेत्रों में विद्युत चोरी रोकने और राजस्व संरक्षण के उद्देश्य से विशेष मॉर्निंग रेड अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नौ उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण और लाइन लॉस कम करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि विद्युत संबंधी किसी भी समस्या के समाधान के लिए अनधिकृत माध्यमों का सहारा लेने के बजाय टोल फ्री हेल्पलाइन 1912 पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

उधर अमौसी क्षेत्र में भी विद्युत चोरी रोकने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान एक उपभोक्ता को मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया, जिसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं गोमती नगर क्षेत्र में रेड टीम द्वारा 34 परिसरों की जांच के दौरान दो उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए तथा एक उपभोक्ता स्वीकृत भार से अधिक लोड का इस्तेमाल करता मिला। इनके विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।

जानकीपुरम क्षेत्र में विभाग ने गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए विभिन्न उपकेंद्रों एवं फीडरों पर अनुरक्षण, लोड बैलेंसिंग और पेड़ छंटाई का कार्य कराया। अधिकारियों का कहना है कि बढ़ते विद्युत भार के बीच उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए तकनीकी सुधार और चोरी विरोधी अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up