आरडब्ल्यूए के साथ एलडीए ने बनाई रणनीति*
15 से 21 जून तक मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह
बहुमंजिला सोसाइटियों में होंगे सामूहिक योग कार्यक्रम

*लखनऊ*। आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल और जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने शनिवार को विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में योग सप्ताह के दौरान प्रस्तावित कार्यक्रमों, जागरूकता अभियानों और नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
एलडीए के अपर सचिव सी.पी. त्रिपाठी ने बताया कि इस वर्ष 21 जून को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत 15 जून से 21 जून तक पूरे शहर में अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न आवासीय सोसाइटियों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर योग सत्र, सामूहिक योगाभ्यास तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों और सोसाइटियों में लोगों को योग से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करें। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, तनावमुक्त जीवन और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी प्रभावी साधन है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि योग सप्ताह के दौरान शहर की बहुमंजिला आवासीय सोसाइटियों और आवासीय परिसरों में विशेष सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने योग सप्ताह के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को कार्यक्रमों से जोड़ने और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
बैठक में उप सचिव माधवेश कुमार सहित एलडीए के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि जनसहभागिता के माध्यम से इस वर्ष का अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस शहर में व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा और अधिक से अधिक लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
