बॉलीवुड कलाकारों का लगेगा जमावड़ा
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चौहान रहेंगी मुख्य आकर्षण
दो फिल्मों “मि. रंगबाज” एवं “गंगा गोमती” का होगा पोस्टर लॉन्च

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सामाजिक, सांस्कृतिक और फिल्मी जगत की हस्तियों का एक भव्य संगम देखने को मिलेगा। पल्लव चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी एवं भव्य फिल्म्स प्रोडक्शन के संयुक्त तत्वावधान में इंडिया एक्सीलेंस अवार्ड्स-2026 (सीजन-4) का भव्य आयोजन रविवार, 31 मई 2026 को होटल द लिली विलास, लखनऊ में किया जाएगा। कार्यक्रम सायं 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित होगा।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 151 विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वालों में पत्रकार, डॉक्टर, शिक्षक, अधिवक्ता, फिल्म कलाकार, गीत-संगीत से जुड़े कलाकार, व्यापारी, समाजसेवी एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हैं। इन सभी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुख्य अतिथि, अति विशिष्ट अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के करकमलों द्वारा इंडिया एक्सीलेंस अवार्ड्स-2026 प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लोकप्रिय बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चौहान होंगी, जो चर्चित धारावाहिक “भाभी जी घर पर हैं” एवं “हप्पू की उलटन-पुलटन” में अपने अभिनय से दर्शकों के बीच विशेष पहचान बना चुकी हैं। वे कार्यक्रम में सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में शामिल होंगी।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा तथा सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में विपिन कुमार गुप्ता (प्रधान संपादक, नेशनल एक्सप्रेस, दिल्ली) तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में अनुराग अग्रवाल, राज शेखर सिंह, डॉ. कंचन आहूजा, डॉ. कमल किशोर, डॉ. संदीप सनातनी, अनिल आहूजा, अनिल विरमानी एवं धनंजय सिंह (राष्ट्रीय महासचिव, महाराणा प्रताप सेना) को आमंत्रित किया गया है।
इस भव्य आयोजन में फिल्म जगत से जुड़ी एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ने जा रही है। भव्य फिल्म्स प्रोडक्शन द्वारा निर्मित दो बहुप्रतीक्षित फिल्मों “मि. रंगबाज” एवं “गंगा गोमती” का आधिकारिक पोस्टर लॉन्च भी इसी मंच से किया जाएगा। फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों एवं फिल्म प्रेमियों के लिए यह अवसर विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा योग एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले योगाचार्य पंडित नवीन एवं सोनल श्रीवास्तव को संस्था का ब्रांड एम्बेसडर भी घोषित किया जाएगा।
पल्लव चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी के सचिव एवं बॉलीवुड अभिनेता सुनील रॉकी तथा संस्था की अध्यक्ष गीतांजली सिंह ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के उन प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि इंडिया एक्सीलेंस अवार्ड्स केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों के उत्साहवर्धन का एक सशक्त माध्यम है।
आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम सामाजिक सेवा, संस्कृति, कला, शिक्षा, चिकित्सा, पत्रकारिता और फिल्म जगत के लोगों को एक मंच पर लाकर प्रतिभाओं को सम्मानित करने और उनके कार्यों को नई पहचान देने का कार्य करेगा।
