बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई तेज़
मध्यांचल विद्युत निगम का अभियान जारी
कई क्षेत्रों में सघन चेकिंग व विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने के कार्य

लखनऊ। प्रबंध निदेशक मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निर्देशों के क्रम में प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विभिन्न विद्युत वितरण क्षेत्रों में बड़े बकायेदारों एवं विद्युत चोरी में संलिप्त उपभोक्ताओं के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्युत चोरी करने वालों के कनेक्शन काटे गए तथा संबंधित थानों में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई। साथ ही भीषण गर्मी में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, लोड बैलेंसिंग एवं जर्जर लाइनों के अनुरक्षण का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी रहा।
अमौसी क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई
अमौसी क्षेत्र में अधिशासी अभियंता रेड असेसमेंट एंड कलेक्शन के नेतृत्व में विभागीय एवं विजिलेंस टीम द्वारा विद्युत चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 94 विद्युत संयोजनों की जांच की गई, जिसमें 5 उपभोक्ता मीटर से छेड़छाड़ कर विद्युत चोरी करते पाए गए।
विद्युत अधिनियम की धारा-135 के अंतर्गत बब्लू पुत्र देशराज, श्रीमती जुलेखा खान, श्रीमती महरून निशा, मुस्तफा खान तथा शैलेश कुमार सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गोमती नगर में पीक आवर्स के दौरान विशेष निगरानी
गोमती नगर क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार को संतुलित रखने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेड टीम द्वारा रात्रिकालीन निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है।
29 मई की रात्रि में रेड टीम ने 33/11 केवी लौलाई उपकेंद्र एवं विराज खंड क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि पीक आवर्स के दौरान विद्युत भार को नियंत्रित रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उपभोक्ताओं से स्वीकृत भार के अनुरूप ही बिजली उपयोग करने और अनावश्यक खपत से बचने की अपील की गई है।
जानकीपुरम जोन में अनुरक्षण एवं लोड बैलेंसिंग का कार्य तेज
जानकीपुरम एवं महानगर क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए लाइनों एवं वितरण ट्रांसफार्मरों का अनुरक्षण प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
निराला नगर उपकेंद्र के अंतर्गत विवेकानंदपुरी फीडर पर जर्जर जम्परों की मरम्मत कराई गई, जबकि आईटीआई उपकेंद्र क्षेत्र में डंडैया और नौरा पांडेय टोला में एबीसी केबल बदली गई। फैजुल्लागंज क्षेत्र के केशव नगर में नया 250 केवीए ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। इसके अलावा बंदरिया बाग, रामप्रकाश क्षेत्र, रामलीला मैदान तथा मड़ियाव फीडर पर भी लोड बैलेंसिंग एवं जर्जर केबल बदलने का कार्य संपन्न कराया गया।
लखनऊ मध्य क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने पर जोर
लखनऊ मध्य क्षेत्र के अंतर्गत नूरबाड़ी न्यू उपकेंद्र में आबूदाना कैंटीन स्थित 630 केवीए ट्रांसफार्मर का लोड बैलेंस कराया गया, जिससे संबंधित उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके।
वहीं राजाजीपुरम न्यू क्षेत्र में ब्रह्म पार्क ट्रांसफार्मर को मैत्री पार्क फीडर पर स्थानांतरित करने का कार्य किया गया, जिससे पुराने ट्रांसफार्मर पर भार कम होगा और विद्युत तंत्र की दक्षता में सुधार आएगा।
1912 हेल्पलाइन बनी उपभोक्ताओं का भरोसा
30 मई को लखनऊ मध्य जोन में 1912 हेल्पलाइन पर मीटर संबंधी 41, विद्युत आपूर्ति संबंधी 19 तथा बिल संबंधी 13 शिकायतें दर्ज हुईं। विभाग द्वारा इन शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया।
मो. अब्दुल्ला, बहाव आलम, आफरीन बानो, गणेश कुमार पटेल, अंकिता, विनोद कुमार देवंशी, उर्मिला जायसवाल, दिनेश चौरसिया, भन्नू एवं सत्येंद्र कुमार सहित कई उपभोक्ताओं ने नई वर्टिकल व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि अब समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। केवल 1912 पर शिकायत दर्ज कराने से ही समयबद्ध समाधान प्राप्त हो रहा है।
जनहित में जारी रहेगा अभियान
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों ने कहा कि बिजली चोरी रोकने, लाइन लॉस कम करने, राजस्व वसूली बढ़ाने तथा भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से बिजली का वैध एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की अपील भी की है।
