राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने संयुक्त रूप से किया शिलान्यास
*2.47 करोड़ की लागत से होगा पुनर्निर्माण, HUDCO के CSR फंड से बनेगा केंद्र*

*लखनऊ।* ऐशबाग वार्ड की संत सुदर्शनपुरी कॉलोनी में शुक्रवार शाम क्षेत्रवासियों के लिए विकास का नया द्वार खुल गया। यहाँ 2.47 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री *डॉ. दिनेश शर्मा* और महापौर *श्रीमती सुषमा खर्कवाल* ने संयुक्त रूप से किया।
यह पुनर्निर्माण कार्य *HUDCO* यानी हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के *CSR फंड* से डॉ. दिनेश शर्मा की संस्तुति पर कराया जा रहा है। नगर आयुक्त *गौरव कुमार* ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद स्थानीय नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर और सुविधाजनक केंद्र मिलेगा।



डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि _“सामुदायिक केंद्र सिर्फ ईंट-पत्थर का भवन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और जनसहभागिता का प्रतीक होता है।”_ उन्होंने विश्वास जताया कि इस केंद्र से क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी और लोगों की दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव आएगा।
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम लखनऊ के हर वार्ड में जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है। _“संत सुदर्शनपुरी के लोगों की यह लंबे समय से मांग थी, आज उसका समाधान हो रहा है,”_ उन्होंने कहा।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष *आनंद द्विवेदी*, स्थानीय पार्षद *संदीप शर्मा*, HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक *संजय कुलश्रेष्ठ*, अपर नगर आयुक्त *अरुण कुमार गुप्त* समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
