लखनऊ में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ा अभियान, 9 लोग पकड़े गए

उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए मेगा कैंप शुरू

*लखनऊ*। राजधानी में बिजली चोरी पर रोक लगाने के लिए विद्युत विभाग द्वारा विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह मध्य क्षेत्र में मार्निंग रेड टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न इलाकों में करीब 55 उपभोक्ताओं के बिजली मीटरों की जांच की गई, जिसमें 9 उपभोक्ता अलग-अलग तरीकों से बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए।

बताया गया कि यह अभियान लखनऊ मध्य क्षेत्र के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार के निर्देशानुसार चलाया गया। विभागीय टीम ने मीटर बाईपास, डायरेक्ट लाइन, मीटर में छेड़छाड़ और अन्य अनियमितताओं की गहन जांच की। जांच के दौरान जिन लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के प्रमाण मिले, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी से विभाग को राजस्व का भारी नुकसान होता है और इसका असर ईमानदारी से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग लगातार कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने का कार्य भी कर रहा है।

वहीं विभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में बिजली चोरी रोकने और उपभोक्ताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे वैध कनेक्शन का उपयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध बिजली खपत से बचें।

इसके अलावा उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभाग द्वारा अलग-अलग विद्युत उपकेंद्रों पर मेगा कैंप लगाए जाने की शुरुआत भी कर दी गई है। इन कैंपों में बिजली बिल संशोधन, नए कनेक्शन, मीटर संबंधी शिकायतें, बकाया बिल, नाम परिवर्तन तथा अन्य समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि इन मेगा कैंपों के माध्यम से उपभोक्ताओं को राहत देने के साथ-साथ विभाग और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up