CCTV में कैद संदिग्ध; हत्या की आशंका मामले की जांच तेज

*लखनऊ*। बाजारखाला थाना क्षेत्र स्थित अग्रसेन पार्क में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला हत्या का लग रहा है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास है। उसके सिर और चेहरे पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे अंदेशा है कि किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। फुटेज में दो लोग आपस में घनिष्ठ अवस्था में पार्क के अंदर जाते दिखाई देते हैं। कुछ समय बाद उनमें से एक व्यक्ति हाथ में लकड़ी का डंडा लेकर दोबारा पार्क में जाता है और फिर जल्दबाजी में बाहर निकलता नजर आता है।
सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान पिंटू पुत्र रामदुलारे, निवासी मोतीझील (थाना बाजारखाला) के रूप में की है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पहुंचकर निरीक्षण किया और जल्द से जल्द मामले के खुलासे के निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
