*लखनऊ में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई*

करोड़ों की सरकारी भूमि अतिक्रमण से मुक्त

औरंगाबाद जागीर में जेसीबी चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त

7.25 करोड़ की जमीन कराई गई मुक्त

*लखनऊ*। नगर निगम लखनऊ द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर सरोजनी नगर तहसील क्षेत्र के ग्राम औरंगाबाद जागीर में प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए अवैध कब्जों को हटाया।

 

इस कार्रवाई का संचालन अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव एवं उपजिलाधिकारी सरोजनी नगर अंकित शुक्ला के निर्देशन में किया गया। मौके पर प्रभारी अधिकारी संपत्ति रामेश्वर प्रसाद एवं तहसीलदार नगर निगम लखनऊ अरविन्द पाण्डेय द्वारा उपलब्ध कराई गई टीम ने व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

ग्राम औरंगाबाद जागीर में खसरा संख्या 803 (0.556 हे०, रास्ता), 805 (0.278 हे०, रास्ता), 843 (0.607 हे०, रास्ता), 1145 (0.063 हे०, बंजर) एवं 1146 (0.240 हे०, रास्ता) के रूप में दर्ज शासकीय भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से रेडीमेड बाउंड्रीवॉल बनाकर, प्लॉटिंग कर तथा दुकान एवं टीनशेड डालकर कब्जा कर लिया गया था। इससे नगर निगम की भूमि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था।

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से इन सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। पूरी कार्रवाई का नेतृत्व नायब तहसीलदार नगर निगम तेजस्वी प्रकाश ने किया। इस दौरान नगर निगम के लेखपाल अनूप गुप्ता, अनुचर लालता प्रसाद तथा तहसील लेखपाल सारांश सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम की ईटीएफ (ETF) फोर्स भी तैनात रही।

इस अभियान के तहत कुल लगभग 0.557 हेक्टेयर बेशकीमती सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 7 करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up