कर्मचारी संघ के महामंत्री और लेखा विभाग के कर्मचारी स्वर्गीय राम अचल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई
शोक सभा के बाद विदाई समारोह में 31 मई को
सेवानिवृत्त हुए आठ कर्मचारियों को दी गई विदाई
लखनऊ। सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में एक ओर जहां आठ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई तो वहीं दूसरी ओर कर्मचारी संघ के महामंत्री और लेखा विभाग के कर्मचारी स्वर्गीय राम अचल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। त्रिलोकीनाथ सभागार में आयोजित शोक सभा में सैकड़ों कर्मचारियों और अधिकारियों ने भावुक माहौल में उन्हें याद किया। स्व. राम अचल का 31 मई 2025 को एक दुखद सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। शोक सभा में अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, नम्रता सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.के. श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों ने उनके सेवाभाव, ईमानदारी और समर्पण को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके निधन से नगर निगम को अपूरणीय क्षति हुई है। ट्रेड यूनियन नेताओं राजेश सिंह, राजेश भारती, सय्यद कैसर रज़ा, सुनील धानुक आदि ने भी उनके योगदान की सराहना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शासकीय व्यस्तताओं के कारण उपस्थित न हो पाने के बावजूद स्व. राम अचल के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
आठ कर्मचारियों को दी गई विदाई
शोक सभा के बाद विदाई समारोह में 31 मई को सेवानिवृत्त हुए आठ कर्मचारियों—संपत्ति विभाग के प्रथम श्रेणी लिपिक प्रदीप कुमार सेठ, स्वास्थ्य विभाग के सफाई नायक अजय कुमार शुक्ला, उद्यान विभाग के माली अर्जुन प्रसाद, स्वास्थ्य विभाग की सफाई कर्मी प्यारी, रजनी, सुरेश, बेला और अभियंत्रण विभाग की अनुचर नीलम सिंह—को स्मृति चिन्ह, शॉल और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उनके योगदान की प्रशंसा की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। नगर निगम परिवार ने इस दोहरे आयोजन में शोक और सम्मान का संतुलन बनाते हुए अपने कर्मचारियों के प्रति कृतज्ञता और संवेदना व्यक्त की।