कार्यक्रम में नगर निगम के विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया
विकास कार्यों पर आधारित एक विशेष पुस्तिका का विमोचन भी किया गया
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार को एक ऐतिहासिक और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लखनऊ नगर निगम की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी के सफलतापूर्वक दो वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया गया। इस सेवा और समर्पण कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी जी और नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा जी मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के तौर पर राज्यसभा सांसद एवं लखनऊ के पूर्व महापौर डॉ. दिनेश शर्मा जी और पूर्व सांसद कौशल किशोर जी उपस्थित रहे। वहीं एमएलसी मुकेश शर्मा जी, रामचंद्र सिंह प्रधान जी, बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला जी, भाजपा के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह जी, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी जी सहित कई गणमान्य अतिथियों और नगर निगम के अधिकारीगण, समस्त पार्षदगण, कार्यकर्ता तथा आम जनता की गरिमायी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संस्कृति की परंपरा के अनुरूप रानी अहिल्याबाई होल्कर जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से की गई। इस दौरान मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी दीप प्रज्वलित किया। मंच पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने समस्त अतिथियों का प्रतीक चिन्ह, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया।
राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने अपने संबोधन में महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर निगम के समस्त पार्षदगण को सफलतापूर्वक दो वर्ष पूरे करने पर बधाई दी। उन्होंने रानी अहिल्याबाई होल्कर जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लखनऊ नगर निगम के विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महापौर के नेतृत्व में नगर निगम ने स्वच्छता, सुशासन और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। साथ ही उन्होंने माननीय राजनाथ सिंह और मंत्री श्री ए.के. शर्मा के योगदान की भी सराहना की।
कार्यक्रम में नगर निगम के विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें बीते दो वर्षों में शहर में हुए बदलावों और महत्वपूर्ण परियोजनाओं की झलक प्रस्तुत की गई। इसके अलावा विकास कार्यों पर आधारित एक विशेष पुस्तिका का विमोचन भी माननीय अतिथियों द्वारा किया गया।
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने अपने संबोधन में सभी अतिथियों, नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, पार्षदों और लखनऊवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता हम सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने लखनऊ को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अपने निरंतर प्रयासों की प्रतिबद्धता जताई और सभी से इस अभियान में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि महापौर का पद जनसेवा का अवसर है और चुनौतियों के बावजूद इस यात्रा ने उन्हें लखनऊ को स्वच्छ, स्मार्ट और सुंदर बनाने की दिशा में काम करने का संकल्प दिया। अपने संबोधन में उन्होंने शिवरी कूड़ा निस्तारण प्लांट की सफलता, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था, लखनऊ स्मार्ट ऐप और सीसीटीवी निगरानी जैसे विकास कार्यों का उल्लेख किया।
माननीय महापौर ने प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी, रक्षा मंत्री आदरणीय श्री राजनाथ सिंह जी और मुख्यमंत्री योगी आदरणीय श्री आदित्यनाथ के मार्गदर्शन का आभार जताते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से नगर निगम में डिजिटल और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि कचरे के प्रबंधन को तकनीक से जोड़कर नई सामग्री बनाई जा रही है और ट्रांसफर स्टेशन तथा MRF सेंटर स्थापित कर शहर को साफ-सुथरा बनाया जा रहा है।
महापौर जी ने महान महिला शासिका अहिल्याबाई होलकर को नमन करते हुए उनकी जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियान पर कहा कि अहिल्याबाई होलकर केवल एक रानी नहीं थीं, बल्कि वे एक जननायिका थीं – जिनकी दूरदृष्टि, करुणा और न्यायप्रिय शासन ने भारत के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। जब हम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में “नारी शक्ति” और “सबका साथ, सबका विकास” की बात करते हैं, तो यह भावना पूज्य अहिल्याबाई के शासनकाल से ही झलकती है। उन्होंने मंदिर बनवाए, घाटों का निर्माण कराया, धर्मशालाओं की स्थापना की, लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह थी कि उन्होंने गरीब, वंचित और निर्बल वर्गों की आवाज को सुना और उनके लिए न्याय सुनिश्चित किया। अंत में उन्होंने नागरिकों के सहयोग की सराहना करते हुए लखनऊ को और बेहतर बनाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
वरिष्ठ नेता नीरज सिंह जी ने मंच को संबोधित करते हुए सभी अतिथियों का हार्दिक धन्यवाद प्रेषित किया। उन्होंने शहर के विकास में मेयर सुषमा खर्कवाल जी के योगदान, उनके कार्यों और नेतृत्व की प्रशंसा की और समस्त पार्षदगण को उनके सफलतापूर्वक दो वर्ष पूरे होने की बधाई दी। नीरज सिंह जी ने मंच से रानी अहिल्याबाई होलकर जी के धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार कार्यों को स्मरण किया और उनके करुणामय नेतृत्व से सीख लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर जी ने जो धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक धरोहरें हमें सौंपी हैं, उनका संरक्षण और संवर्धन हमारा दायित्व है। उन्होंने मेयर और नगर निगम की टीम को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी लखनऊ के विकास हेतु इसी समर्पण भावना से कार्य करते रहने की अपील की।
भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री आनंद द्विवेदी ने अपने भाषण में नगर निगम और भाजपा सरकार के सहयोग से लखनऊ में हुए विकास कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महापौर सुषमा खर्कवाल जी के नेतृत्व और निगम अधिकारियों के सहयोग से शहर में स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और हरित क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। श्री द्विवेदी ने आगे भी शहर के चहुंमुखी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने रानी अहिल्याबाई होल्कर जैसी महान नारियों से प्रेरणा लेकर समाज के हर वर्ग के उत्थान और सम्मान के लिए काम करने का संकल्प लिया। अंत में उन्होंने सभी पार्षदों, निगम अधिकारियों और लखनऊवासियों से मिलकर शहर को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा जी ने अपने संबोधन में लखनऊ में स्वच्छता और विकास के क्षेत्र में नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने महापौर सुषमा खर्कवाल जी की नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में नगर निगम ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। श्री शर्मा जी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत मिशन की भावना को दोहराते हुए लखनऊ को एक स्वच्छ और आत्मनिर्भर शहर बनाने की दिशा में चल रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने रक्षा मंत्रालय द्वारा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए जा रहे कार्यों की चर्चा करते हुए बताया कि लखनऊ अब रक्षा उपकरणों के निर्माण में भी एक महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने नगर निगम की कचरे से उपयोगी उत्पाद बनाने की पहल की सराहना की और सफाई कर्मचारियों व आम जनता के योगदान को विकास यात्रा की रीढ़ बताया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौधरी ने अपने जोशीले भाषण में महापौर सुषमा खर्कवाल जी और सभी पार्षदगण को दो वर्ष की सफल कार्ययात्रा के लिए बधाई दी। उन्होंने नगर निगम की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए लखनऊ के विकास में नगर निगम की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। श्री चौधरी ने रानी अहिल्याबाई होल्कर, रानी लक्ष्मीबाई और रानी चेन्नम्मा जैसी वीरांगनाओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और इतिहास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा अनुच्छेद 370 के हटाने, कॉमन सिविल कोड और राम मंदिर आंदोलन जैसे ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख करते हुए सरकार की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जाने और संस्कृति की धरोहर को संजोने में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के सभी जोनों के समस्त पार्षदों को प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। मानकनगर वार्ड के माननीय पार्षद श्री रंजीत सिंह जी को उनके उत्कृष्ट और जनसेवा से प्रेरित कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने गोमती नदी की सफाई में अहम भूमिका निभाई, जिससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिला, बल्कि स्थानीय लोगों में जागरूकता भी बढ़ी। कोरोना काल की कठिन परिस्थितियों में उन्होंने निस्वार्थ भाव से लोगों के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभाई, जब अधिकांश लोग आगे आने से हिचकिचा रहे थे। इसके अलावा, उन्होंने शहर भर में लोगों द्वारा स्थापित की गई मूर्तियों को अपने निजी खर्च पर उचित और विधिवत रूप से विसर्जित कर पर्यावरण संरक्षण एवं धार्मिक मर्यादा का उदाहरण प्रस्तुत किया। श्री रंजीत सिंह जी के इन कार्यों से न केवल वार्ड में बल्कि पूरे शहर में सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना की मिसाल कायम हुई है। उनका समर्पण सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम का समापन नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के प्रेरणादायक भाषण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी अतिथियों और समस्त पार्षदगणों ने जोन वार मंच पर फोटोशूट कराया, जिससे यह आयोजन एक ऐतिहासिक पल बन गया। यह सेवा और समर्पण कार्यक्रम न केवल महापौर सुषमा खर्कवाल के दो वर्षों के सफल कार्यकाल की उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि लखनऊ नगर निगम और भाजपा सरकार के नेतृत्व में शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के संकल्प का भी प्रतीक बना। सभी अतिथियों और लखनऊवासियों ने आशा जताई कि आने वाले वर्षों में भी यह विकास यात्रा यूं ही जारी रहेगी और लखनऊ नगर निगम नई ऊंचाइयों को छुएगा।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न अधिकारी सम्मानित
नगर निगाम एवं जलकल विभाग के विभिन्न अधिकारियों को इस मौके पर उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। प्रदेश में 17 नगर निगम में टैक्स वसूली में लखनऊ नगर निगाम को नंबर 01 पर पहुंचाने में योगदान के लिए चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर श्री अशोक सिंह जी को सम्मानित किया गया। लखनऊ नगर निगाम में टैक्स वास्तविक टैक्स वसूली के लिए जोन-8 के जोनल अधिकारी श्री अजीत राय को प्रथम पुरस्कार दिया गया। वहीं जोन-4 के जोनल अधिकारी श्री संजय यादव को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
वहीं जलकल विभाग में सरकारी भवनों से सर्वाधिक टैक्स वसूली के लिए असिस्टेंट अकाउंट ऑफिसर श्री पंकज सोती जी को सम्मानित किया गया। अधिशासी अभियंता जलकल विभाग जोन-4 श्री विकास शर्मा जी को द्वितीय पुरस्कार दिया गया। वहीं अधिशासी अभियंता जलकल विभाग जोन-1 श्री उत्कर्ष राय जी को तृतीय पुरस्कार दिया गया।