सफाई में लापरवाही के लिए LSA पर 20,000 का जुर्माना

लखनऊ। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम लखनऊ ने मंगलवार को मुख्य मार्ग पक्का पुल से सीतापुर रोड तक फैली सफाई अव्यवस्था पर गंभीर रुख अपनाते हुए LSA संस्था पर 20,000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया है। निरीक्षण के दौरान मार्ग पर अत्यधिक मात्रा में गंदगी पाई गई। जोनल सेनेटरी ऑफिसर मनोज यादव के निर्देश पर एसएफआई सुमित मिश्रा ने यह कार्यवाही की है।
9 दिसंबर को किए गए निरीक्षण में पाया गया कि संस्था द्वारा तय मानकों के अनुरूप सफाई नहीं कराई गई। इसके साथ ही पक्का पुल पर भारी मात्रा में कूड़ा जमा होने और उसमें आग जलाए जाने की घटना भी सामने आई। निरीक्षण के दौरान पूरे पुल पर गंदगी का अंबार दिखाई दे रहा था।

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि कूड़ा न उठाने की लापरवाही के कारण ही आगजनी की स्थिति पैदा हुई, जो एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) के दिशा-निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। निगम ने सफाई कार्य में लापरवाही के लिए संस्था पर 10,000 रुपये जुर्माना तथा कूड़े में आग लगाए जाने की घटना के लिए अतिरिक्त 10,000 रुपये का अर्थदंड लगाया है। इस प्रकार कुल 20,000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।

नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसी घटनाओं के लिए शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी। निगम ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी इस प्रकार की लापरवाही पाई गई, तो संबंधित संस्था के विरुद्ध और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
