मोहर्रम के पवित्र अवसर पर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क, जुलूस मार्गों का व्यापक निरीक्षण

अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त ने कहा

मोहर्रम मुस्लिम समाज का बेहद अहम और ग़मगीन अवसर है*यह महीना कर्बला के शहीदों की याद में समर्पित होता है

लखनऊ: इस्लामी माह मोहर्रम को मुस्लिम समुदाय खास कर शिया मुसलमान ग़म और मातम के रूप में मनाता है। यह महीना विशेषकर कर्बला के शहीदों की याद में समर्पित होता है, जिसमें विशेष तौर पर मजलिसें, ताज़िया जुलूस और शांति पूर्ण श्रद्धा के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होते हैं।

इसी क्रम में मोहर्रम के दृष्टिगत लखनऊ नगर निगम व पुलिस विभाग द्वारा जोन-2 और जोन-6 के अंतर्गत आने वाले संभावित ताज़िया जुलूस मार्गों का संयुक्त निरीक्षण आज संपन्न हुआ। यह निरीक्षण अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान श्री धनंजय सिंह कुशवाहा, अपर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), श्री राजकुमार सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त, चौक, एवं श्री जीतेंद्र विक्रम सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त, बाजार खाला भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त बाजार खाला, सआदतगंज, चौक एवं तालकटोरा थानों के प्रभारी निरीक्षक, नगर निगम से सुश्री शिल्पा कुमारी, जोनल अधिकारी-2, श्री मनोज कुमार यादव, जोनल अधिकारी-6, श्री झिल्लूराम, नगर अभियंता-6, श्री विश्वनाथ गुप्ता, अधिशाषी अभियंता, जलकल-2, श्री आलोक श्रीवास्तव, सहायक अभियंता, श्री उमेश पाल सिंह, अवर अभियंता, तथा श्री राम सकल यादव, जोनल सेनेट्री अधिकारी-2 सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान मिले प्रमुख बिंदु एवं दिए गए निर्देश:

– चरक चौराहा, गोटा बाजार, सर्राफा बाजार, नक्खास, अकबरी गेट और घण्टाघर समेत कई स्थानों पर टूटी सड़कें, चोक नालियाँ, गंदगी, और झूलते विद्युत तार पाए गए।
→ संबंधित अधिकारियों को आज ही मरम्मत, सफाई और सुरक्षा के कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

– मोहर्रम के ताज़िया जुलूस मार्गों पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।

– रुमीगेट, लाजपत नगर और पाटानाला क्षेत्र में खुले सीवर ढक्कन, लटकते तार और गंदगी पाए जाने पर तत्काल निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

– नींबू पार्क से हैदरगंज चौराहे तक ओवरब्रिज के नीचे व आसपास की सफाई, डिवाइडर पर जमा मलबा हटाने और अनधिकृत होर्डिंग्स को हटाने के आदेश दिए गए।

– जलकल विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि जुलूस मार्गों पर कहीं भी सीवर ढक्कन टूटे या पाइप लाइनें लीकेज वाली न हों।

– विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि झूलते तारों को हटाकर सुरक्षित किया जाए, जिससे मोहर्रम के दौरान कोई दुर्घटना न हो।

अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त ने स्पष्ट कहा कि:

> “मोहर्रम मुस्लिम समाज का बेहद अहम और ग़मगीन अवसर है। ऐसे में नगर निगम का कर्तव्य है कि हर संभव व्यवस्था समय से पहले सुनिश्चित की जाए, जिससे इस पवित्र अवसर पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।”

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यों को आज ही पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए ताकि नगर आयुक्त महोदय को संपूर्ण स्थिति से अवगत कराया जा सके।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up