लखनऊ नगर निगम द्वारा विभिन्न जोनों में अतिक्रमण विरोधी अभियान
जोन-2 में चला अतिक्रमण विरोधी अभियान
जोन-5 में मवैया से केकेसी तक चली कार्रवाई
जोन-6 में तीन बंदर मंदिर से दुबग्गा चौराहे तक सख्ती
लखनऊ: माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी के निर्देशन में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेश पर मंगलवार को नगर निगम के विभिन्न जोनों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व ज़ोनल अधिकारियों द्वारा किया गया और बड़ी मात्रा में अवैध अतिक्रमण हटाया गया।
जोन-2 में ज़ोनल अधिकारी सुश्री शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। यह अभियान मिल एरिया चौकी से एवरेडी चौराहे होते हुए बालाजी मंदिर कॉटन मिल लालकटोरा तक तथा दुर्गापुरी से चारबाग बस अड्डे, नत्था चौराहा, मेट्रो स्टेशन होते हुए अंबेडकर प्रतिमा तक चलाया गया। इस दौरान 2 ठेले, 2 तिरपाल, छोटे अन्य सामान जब्त किए गए और ₹500 का जुर्माना भी वसूला गया।
ज़ोन-5 क्षेत्र में ज़ोनल अधिकारी श्री नन्दकिशोर के नेतृत्व में मवैया छत्ता होते हुए चारबाग मेट्रो स्टेशन से केकेसी तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान 10 ठेले, 1 गुमटी, 4 काउंटर हटाए गए एवं 2 ठेले ज़ब्त किए गए। अतिक्रमणकारियों से ₹1000 का शमन शुल्क भी वसूला गया। इस अभियान में कर अधीक्षक श्री आलोक कुमार श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक श्री पीयूष तिवारी, श्रीमती सुरभि यादव, प्रवर्तन दल (296) और पुलिस बल भी शामिल रहा।
जोन-6 में ज़ोनल अधिकारी श्री मनोज यादव के नेतृत्व में तीन बंदर मंदिर से दुबग्गा चौराहे तक अस्थाई अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। इसमें 14 ठेले, 11 अस्थाई दुकानें, 4 तख्त, 1 ड्रम, 1 लकड़ी की मेज, 2 लोहे के स्टैंड और 2 ठेले ज़ब्त किए गए। अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई और ₹1200 का जुर्माना भी वसूला गया। इस कार्रवाई में कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, कर निरीक्षक श्री धर्मदेव, 296 प्रवर्तन दल और पुलिस बल की उपस्थिति रही।
नगर निगम अधिकारियों ने सभी अतिक्रमणकारियों को पुनः अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी और संबंधित थाना अध्यक्षों को पत्र प्रेषित कर क्षेत्र में निगरानी बनाए रखने की मांग की।