राजधानी की 236 सड़कों के अलावा कुछ अन्य सड़कों पर ई-रिक्शा चलाना प्रतिबंधित हो जाएगा। दिल्ली परिवहन विभाग ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर ऐसी सड़कों को चिन्हित कर रहा है, जहां इसकी वजह से यातायात प्रभावित होता है।
परिवहन अधिकारियों का कहना है कि ई-रिक्शा चालकों द्वारा सड़कों पर यातायात नियम तोड़ने के मामले भी बढ़े हैं। दिल्ली में वर्तमान में 55,000 पंजीकृत ई-रिक्शा हैं। इससे अधिक ही अवैध रूप से चल रहे हैं। परिवहन अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में दिल्ली की 236 प्रमुख सड़कों पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित है। इसमें पूरी लुटियन क्षेत्र अलावा रिंग रोड और उससे सटी प्रमुख सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा बहुत सी प्रमुख सड़कें हैं, जहां ई-रिक्शा पर प्रतिबंध नहीं है। यह सड़कें प्रमुख सड़कों को जोड़ती हैं। इन्हीं को चिह्नित किया जा रहा है।
नियमों की खुलेआम अवहेलना से यातायात प्रभावित
परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, सड़कों पर प्रतिबंध लगाने को लेकर जल्द ही परिवहन अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों की एक बैठक होगी। बैठक के बाद अन्य सड़कों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। विभाग के मुताबिक, ई-रिक्शा चालकों की मनमानी भी सड़कों पर बढ़ी है। बीते साल जहां विभाग ने महज 500 चालान किए थे, वहीं जनवरी से सितंबर 2021 के बीच 2700 से अधिक चालान हो चुके हैं।