लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद पीलीभीत में एक सड़क दुर्घटना में 5 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस हादसे तथा जनपद कानपुर देहात में हुई एक अन्य सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश में तेज रफ्तार कार हादसों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे सड़क हादसों की वजह से कई लोगों को अपनी जान से हांथ धोना पड़ रहा है। पीलीभीत जिले के गजरौला क्षेत्र में तेज रफ्तार कार के पलट जाने से शादी समारोह से लौट रहे कार सवार तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गई। बता दें 32 वर्षीय अश्वनी उपाध्याय, उनकी 12 वर्षीय पुत्री नोनी और आठ साल के बेटे लव के अलावा 30 वर्षीय अमित कश्यप और उसके सात वर्षीय पुत्र गोलू की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस पूरी दुर्घटना में तीन महिलाओं और दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि गजरौला थाना प्रभारी नरेश कश्यप अपने पुलिस बल के साथ वाहन पर गस्त पर थे जैसे ही उन्होंने कार पलटी देखा। तत्काल वह मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। जानकारी के मुताबिक घायलों की हालत में सुधार है। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम जिले में आंधी और बारिश के दौरान पुराना पेड़ उखड़कर सड़क के किनारे गिर गया था। कार की रफ्तार तेज होने के कारण यह हादसा हुआ।
